Pages

Subscribe:

Sample Text

Friday 21 December 2012

काले हिरण के दो शिकारी दबोचे


हिसार। लांधड़ी गांव में गुरुवार 21 दिसम्बर 2012 की रात दो लोगों ने एक काले हिरण की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्यारों ने हिरण के सींग, खोपड़ी और टांगे काट कर खेत में फेंक दी। घटना की सूचना वन्य प्राणी विभाग को दी गई जिसके बाद विभाग के अधिकारियों ने हिरण के हत्यारों को उनके घर से हिरण का कच्चा मांस, उसकी खाल सहित दबोच लिया है। आरोपियों के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम 1972 की धारा दो के तहत केस दर्ज कर लिया है। शनिवार को इन्हें पर्यावरण कोर्ट कुरुक्षेत्र में पेश किया जाएगा।
गांव में काले हिरण के मारे जाने की जानकारी शुक्रवार को किसी ने अखिल भारतीय जीव रक्षा हिसार शाखा अध्यक्ष बनवारी लाल बिश्नोई को दी थी। इसके बाद वन्य प्राणी विभाग को भी सूचना दी गई। इंस्पेक्टर कृष्ण लाल सैनी और एसआई रामेश्वर दास के साथ जीव रक्षा के सदस्य गांव लांधड़ी निवासी सत्यवान के घर पहुंचे। जहां से टीम ने करीब 35 किलोग्राम हिरण का मांस, उसकी खाल बरामद की। यहां मौजूद सत्यवान और रामचंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने हिरण मारने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा वन्य प्राणी विभाग ने गांव के ही एक खेत से हिरण के सींग, टांगें व खोपड़ी बरामद की है। वन्य प्राणी विभाग के सबइंस्पेक्टर रामेश्वरदास ने बताया कि गांव लांधड़ी के रामचंद्र और सत्यवान ने गुरुवार रात काले हिरण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सत्यवान के घर से मिली हिरण की खाल में छर्रे लगे होने की पुष्टि हुई है। करीब 35 किलोग्राम मीट, हिरण की खाल, सींग व अन्य सामान बरामद किया है। गांव लांधड़ी, चिकनवास और अग्रोहा के तीन पशु चिकित्सकों ने हिरण का पोस्टमार्टम किया। हिरण को जिस बंदूक से गोली मारी गई, वह लाइसेंसी है। दोनों आरोपी खेतों की सुरक्षा का काम करते हैं।

0 टिप्पणियाँ:

Post a Comment